पौड़ी। स्कूलों में फर्नीचर की कमी को दूर कर विधानसभा क्षेत्र के सभी स्कूलों को चटाई मुक्त किया जाएगा। यह कहना है क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोली का। वह राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कालेज पैडुल में वर्ल्ड विजन इंडिया की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि स्कूलों में फर्नीचर के साथ ही अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रयास किया जाएगा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी को भी जल्द दूर किया जा सके। कार्यक्रम में स्वयं सेवी संस्था वर्ल्ड विजन इंडिया की ओर से बताया गया कि पौड़ी और पाबौ ब्लॉक के 25 स्कूलों में संस्था की ओर से बच्चों को फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि जगत किशोर बर्त्वाल, सैमसन क्लैंसी, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, नरेंद्र रावत, हरेंद्र रावत, संजय सिंह व शुभा रयाल आदि मौजूद रहे।