पौड़ी। कोषागार कर्मचारी लंबे समय से नौ सूत्री मांगों के समाधान की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। इस पर कर्मचारियों ने 31 जनवरी से आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को पौड़ी में कोषागार कर्मचारी संगठन की बैठक हुई। इस मौके पर संगठन के प्रांतीय महामंत्री यतिन शाह ने बताया कि सरकार ने कोषागार कर्मियों का आईपीओ भत्ता बंद कर दिया है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जहां आवास भत्ता मूल वेतन पर दे रही है, वहीं प्रदेश सरकार ने मैट्रिक्स के न्यूनतम स्तर पर भत्ता घोषित किया है। शाह ने कहा कि आईपीओ भत्ता व परिवार नियोजन भत्ता बंद करके सरकार 1500 से तीन हजार रुपये प्रतिमाह वसूल रही है। उन्होंने बताया कि कर्मचारी अब आर-पार की लड़ाई का मन बना चुके हैं। 31 जनवरी व एक फरवरी को कोषागार कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और दो फरवरी को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। चार फरवरी को बैठक के बाद आंदोलन के आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में ग्रेड पे में बढ़ोतरी, बैंकों की भांति कोषागार में भी माह के द्वितीय व चतुर्थ शनिवार को अवकाश किए जाने, कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिए जाने, कम अवकाश के चलते कोषागार कर्मियों को 15 दिन का अतिरिक्त भुगतान सहित अनेक समस्याओं के समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष केएस बिष्ट, प्रांतीय संप्रेक्षक संदीप सिंह राणा, एमएस चौहान, सुभाष पुरी, नरेंद्र नेगी व अवधेश चंद्र आदि मौजूद थे।