पौड़ी। मुख्यालय के जीजीआईसी पौड़ी में रोटरी क्लब श्रीनगर की ओर से पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के निर्धन मेधावी बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की गई।
जीजीआईसी पौड़ी सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नगर पालिका पौड़ी के प्रथम अध्यक्ष स्व. अवतार सिंह रमोला की स्मृति में क्लब विगत चार वर्षों से निर्धन मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप पाठ्य सामग्री वितरित करता आ रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि समारोह में डीएवी इंटर कालेज पौड़ी, जीआईसी व जीजीआईसी पौड़ी के 45 निर्धन मेधावी छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। पूर्व अध्यक्ष बृजेश भट्ट ने रोटरी क्लब श्रीनगर के सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य जीजीआईसी विनीता शाह ने क्लब के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन जीआईसी के प्रधानाचार्य बिमल चंद्र बहुगुणा ने किया। इस अवसर पर क्लब के सचिव ओम प्रकाश गोदियाल, एसएन कोठियाल, जेपी रतूड़ी, एसपी घिल्डियाल, सुखदेव सिंह, अनूप घिल्डियाल व संजय रावत आदि मौजूद थे।