श्रीनगर। गोला पार्क में शुक्रवार देर शाम को चैती गायन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। तड़के शहर के मुख्य मार्गों पर फूलदेई यात्रा निकाली जाएगी।
शहर क्षेत्र में फूलदेई का त्योहार शुरू हो गया है। बच्चों ने घरों के दरवाजों पर फूल डालना शुरू कर दिया है। शुक्रवार तड़के संस्कृति प्रेमियों व रंगकर्मियों ने फूलदेई यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। आयोजन समिति अनूप बहुगुणा व महेश गिरी ने बताया कि फूलदेई यात्रा ढोल दमाऊं के साथ शिशुमंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए डालमियां धर्मशाला के समीप संपन्न होगी। इसके बाद शाम 6 बजे गोलापार्क में लोकगायक संजय पांडे व लता तिवारी पांडे चैती गायन करेंगे। इस दौरान ढोल वादकों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि आचार संहिता को देखते हुए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।