देवप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने सुरक्षा की मांग के लिए तहसील का घेराव कर डीएम को ज्ञापन भेजा। छात्रों ने कहा कि ऑल वेदर रोड निर्माण का मलबा व बोल्डर महाविद्यालय के लिए जाने वाले रास्ते पर गिर रहा है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले छात्रों के लिए हर वक्त खतरा बना है।
शुक्रवार को ऑल वेदर रोड निर्माण के दौरान कॉलेज मार्ग पर बोल्डर गिरने से छात्रों में आक्रोश है। डीएम को भेजे ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय से घर लौटते समय पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद जियाल व विवि प्रतिनिधि संजय भट्ट की बाइक के ऊपर बोल्डर गिरे है। इससे छात्रों ने भागकर जान बचायी है। जबकि दो दिन पूर्व भी एक छात्रा बाल बाल बची है। छात्रों ने यहां काम कर रहे ऑल वेदर रोड कर्मियों से जब सुरक्षाकर्मी तैनात करने की मांग की तो उन्होंने मना कर दिया, जिस पर गुस्साए छात्रसंघ पदाधिकारी व छात्र-छात्राएं तहसील मुख्यालय पहुंचे। यहां तहसीलदार अवतार सिंह बुटोला के समक्ष आक्रोश व्यक्त कर डीएम को ज्ञापन भेजा। छात्रों ने कॉलेज मार्ग पर सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाने की मांग की है। कहा कि मार्ग से प्रतिदिन तीन सौ से अधिक छात्र छात्राओं का आना जाना होता है। ऐसे में उनके लिए निर्माण कार्य खतरा बना है। छात्रों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न किए जाने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।