पौड़ी। राजकीय संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर के भवन के संरक्षण को विशेष बजट का प्रावधान किया गया है। जिलाधिकारी ने भवन को ऐतिहासिक बताते हुए उसके संरक्षण के लिए कार्य किए जाने के निर्देश चिकित्सा प्रबंधन समिति को दिए। उन्होंने तकनीशियनों की कमी की भरपाई अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित कर किए जाने के निर्देश सीएमओ को दिए।
सोमवार जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में राजकीय संयुक्त चिकित्सालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। इस मौके पर जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि संयुक्त चिकित्सालय के भवन की छत टपक रही है। जिसके लिए अलग से बजट की व्यवस्था कर जल्द ही भवन की छत को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में इस तरह के भवन नहीं बन रहे हैं। इस भवन को संरक्षित किया जाना चाहिए। डीएम ने कहा कि चिकित्सालयों में तकनीशियन की कमी को अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित कर दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को जनपद के समस्त चिकित्सालयों में अन्य स्टाफ को प्रशिक्षित किए जाने के निर्देश दिए। सीएमएस को संयुक्त चिकित्सालय के पर्ची काउंटर पर कम्प्यूटर आपरेटर की नियुक्ति किए जाने व एमओ आवास का प्रस्ताव बनाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद प्रतिनिधि व स्वच्छता के श्रीनगर ब्रांड एंबेसडर डा. बीपी नैथानी ने चिकित्सालय के उपनल कर्मियों को 11 माह से वेतन नहीं दिए जाने, हड्डी रोग विभाग में उपकरण नहीं होने, विभाग में सहायक की नियुक्ति किए जाने की मांग की। उन्होंने चिकित्सालय के सफाई कर्मियों को सम्मानित किए जाने की स्वीकृति भी मांगी। इस अवसर पर सीएमओ बीएस जंगपांगी, सीएमएस डा. एसएस चौहान, उपकोषाधिकारी रामस्वरुप, विधायक प्रतिनिधि हयात सिंह झिंक्वाण आदि मौजूद थे।