पाबौ। विकासखंड पाबौ की घुड़दौड़स्यूं पट्टी के रलथम गांव में एक सप्ताह से बिजली गुल है। बिजली न होने से ग्रामीणों को अंधेरे में जंगली जानवरों का खतरा बना है। वहीं इससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि समस्या को देखते हुए जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारु की जाए।
रलथम के ग्रामीणों ने कहा कि त्यौहार के सीजन में उन्हें रात अंधेरे में काटनी पड़ रही है। बिजली न होने से रात इधर-उधर जाने में जंगली जानवरों का भी खतरा बना है। क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फुंकने से यह दिक्कत आ रही है। स्थानीय निवासी कुलदीप रौथाण ने कहा कि गांव में करीब 30 परिवार हैं, जिन्हें पिछले एक सप्ताह से गांव में बिजली न होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रह है। भूपेंद्र सिंह व जय प्रकाश के मुताबिक क्षेत्र में गुलदार का खतरा बना है, जो ग्रामीणों के कई मवेशियों को निवाला बना चुका है। राकेश, सुनीता देवी, रेखा देवी व जशोदा देवी ने बताया कि बिजली न होने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
-------------------
मुझे रलथम गांव में बिजली गुल होने की जानकारी नहीं हैं। मैं अधीनस्थ अधिकारियों से इसकी जानकारी प्राप्त कर रहा हूं। क्षेत्र में बिजली नहीं है तो इसे जल्द सुचारु कर दिया जाएगा।-अनिल सिंह, एसडीओ ऊर्जा निगम