पौड़ी। न्याय पंचायत स्तर पर किसानों को समूह में कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा सकें, इसके लिए केंद्र पोषित फार्म मशीनरी बैंक योजना शुरू की गई है। योजना के तहत किसान समूह को दस लाख रुपये तक के कृषि यंत्रों पर अस्सी फीसदी सब्सिडी दी जा रही है, लेकिन जिले में किसान इसके लिए आगे नहीं आ पा रहे हैं। यही वजह है कि अब तक किसी भी किसान समूह की ओर से इसके लिए आवेदन नहीं किया गया। मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह के मुताबिक किसान समूह बनाकर पांच से दस लाख रुपये तक के कृषि यंत्र क्रय कर सकते हैं। समूह में कम से कम आठ सदस्य होने चाहिए। समूह को सहकारिता विभाग में अपना रजिस्ट्रेशन कराना होता है। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आजीविका में वृद्धि करना है। वहीं समूह की ओर से इन कृषि यंत्रों को किराए पर गांव के अन्य किसानों को भी उपलब्ध कराया जा सकता है। वर्ष 2017-18 में यह योजना शुरू हुई, लेकिन अब तक किसी भी किसान समूह की ओर से इसके लिए आवेदन नहीं किया जा सका है। किसान समूह को इसके लिए मात्र 20 फीसदी अंशदान देना है।
सब्सिडी पर खरीदे सकते हैं ये कृषि यंत्र
पावर टिलर, थ्रेशर, छोटा ट्रैक्टर, चारा काटने की मशीन, जल पंप, स्प्रे मशीन, छोटे कृषि यंत्र जैसे कुदाल, फावड़ा, ब्रश कटर आदि इस योजना के तहत खरीदे जा सकते हैं।
योजना के लाभ के लिए यहां करें आवेदन
फार्म मशीनरी बैंक योजना के लाभ के लिए किसान समूह कृषि विकासखंड प्रभारी या कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी के यहां आवेदन कर सकते हैं।