पौड़ी। जिला चिकित्सालय पौड़ी में डिजिटल एक्स-रे मशीन एवं संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर में उपकरणों की खरीद के लिए जिलाधिकारी सुशील कुमार 20 लाख रुपये की धनराशि जिला योजना से जारी करेंगे।
विकास भवन सभागार में लोनिवि, पीएमजीएसवाई और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त बैठक में जिलाधिकारी सुशील कुमार ने लोनिवि व पीएमजीएसवाई के वार्षिक लक्ष्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। लोनिवि तथा पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता से अधीनस्थों से तेजी से कार्य लेने को कहा। डीएम ने कहा कि पीएमजीएसवाई की शाखाओं के तहत वन हस्तांतरण व लंबित सड़कों के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे तथा अन्य उपकरणों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने सीएमओ को पौड़ी तथा श्रीनगर के अस्पतालों में स्वास्थ्य से जुडे़ जरूरी उपकरणों को शीघ्र ही ठीक करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिला योजना से 20 लाख रुपये की धनराशि जारी की जाएगी। जिलाधिकारी ने एनएचएम, जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा आदि योजनाओं की भी समीक्षा की। बैठक में सीडीओ रवनीत चीमा, डा. आरएस राणा, डिप्टी सीएमओ डा. एनके त्यागी, डा. एचसीएस मर्तोलिया, ईई पीएमजीएसवाई कोटद्वार आरसी गुप्ता, ईई प्रांतीय खंड पौड़ी अनुपम सक्सेना, ईई लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, ईई पीएमजीएसवाई बैजरो एमएस यादव आदि मौजूद रहे। संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निर्मल कुमार शाह ने किया।