खंड शिक्षा कार्यालय (लक्सर) में अधिकारियों की हीलाहवाली लोगों पर भारी पड़ रही है। स्थिति यह है कि अधिकारी दोपहर 12 बजे से पहले कार्यालय नहीं पहुंचे रहे हैं। सोमवार को भी लोगों को इस समस्या से दो-चार होना पड़ा।
सोमवार सुबह खंड शिक्षा कार्यालय खुला हुआ था। लेकिन कार्यालय में चपरासी से लेकर खंड शिक्षा अधिकारी तक नहीं पहुंचा था। खंड शिक्षा अधिकारी से मिलने पहुंचे धर्मेंद्र सिंह सैनी, भगत सिंह, उषा का कहना है कि सुबह दस बजे से दोपहर 12 बज चुके हैं। लेकिन अभी तक दफ्तर में अधिकारी तो दूर चपरासी तक नजर नहीं आ रहा है।
उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी से जितनी बार भी किसी काम के सिलसिले में मिलने आएं। लेकिन उतनी बार कार्यालय में 12 बजे से पहले कोई नहीं मिला।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी लक्सर अंबिकाराम आर्य का कहना है कि एक प्रशासनिक अधिकारी को जिले पर संबद्ध किया गया है। जबकि एक अन्य क्लर्क को वह अपने साथ निरीक्षण पर ले गए थे। जिसकी वजह से सोमवार को कार्यालय में कोई उपस्थिति नहीं था।