नैनीताल। नगर के मल्लीताल क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम मारपीट में एक छात्र घायल हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
बृहस्पतिवार देर शाम सात बजे एक युवक डीएसबी कॉलेज के पास बैंबो हट्स तक टहलने गया था। तभी शिव मंदिर के पास बैंबो हट्स पर कुछ युवकों से उसकी तकरार हो गई। बहस बढ़ने पर आरोपियों ने युवक को डंडों से पीटना शुरू कर दिया। एक डंडा सिर में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। फिर सभी युवक मौके से फरार हो गए। घायल को उसके साथी बीडी पांडे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे घर भेज दिया। युवक के सिर में सात टांके आए हैं। इधर शुक्रवार को घायल युवक अपने साथियों के साथ कोतवाली पहुंच गया। युवक ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सभी युवक पढ़ने वाले छात्र हैं। आपसी समझौते के बाद सभी युवकों की काउंसिलिंग कर छोड़ दिया।
पति-पत्नी में मारपीट का मामला कोतवाली पहुंचा
नैनीताल। मल्लीताल सात नंबर निवासी दंपती के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मारपीट के बाद गुस्साई पत्नी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंच गई। पुलिस ने पति को भी कोतवाली बुला लिया, जहां दंपती एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करने लगे। पुलिस ने फटकार लगाकर दोनों को शांत किया। कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि समझाने के बाद दोनों के बीच लिखित समझौता हो गया। फिर सख्त हिदायत देकर दंपती को घर भेज दिया।