नैनीताल रोड पर लगे जाम में फंसे यात्री। संवाद
- फोटो : संवाद
हल्द्वानी। वीकेंड की छुट्टी और छठ पूजा के चलते रविवार को शहर की यातायात व्यवस्था पर दोहरा दबाव रहा। पहाड़ों से लौटने वाले पर्यटकों के वाहनों की संख्या बढ़ने से नैनीताल रोड पर सुबह से ही यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। काठगोदाम से रानीबाग तक अलग-अलग समय पर वाहनों की कतारें लगती रहीं। छठ पूजा के आयोजन के चलते शहर के भीतर लागू रूट डायवर्जन ने भी राहगीरों की मुश्किलें बढ़ाईं। रामपुर और बरेली रोड पर भी दिनभर रुक-रुककर यातायात चलता रहा।
रविवार सुबह से ही पहाड़ से लौटने वाले पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने लगा था। इसके चलते काठगोदाम और रानीबाग क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। इसका असर नैनीताल रोड पर एमबीपीजी कॉलेज से तिकोनिया तक भी दिखाई दिया। कई बार अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
छठ पूजा के दौरान शहर के अंदर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था। रूट डायवर्जन के चलते कई मार्गों पर वाहनों का दबाव दूसरे रास्तों पर शिफ्ट हुआ। इसका असर रामपुर और बरेली रोड पर भी देखने को मिला। इन मार्गों पर दिनभर वाहन रुक-रुककर आगे बढ़ते रहे। प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव बढ़ने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। वीकेंड और धार्मिक आयोजन के चलते शहर की सड़कों पर यातायात सामान्य बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती बना रहा।
त्योहार और वीकेंड के चलते वाहनों का दबाव अधिक रहा। हालांकि ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई थी। कहीं भी लगातार देर तक जाम लगने की स्थिति नहीं बनी। कुछ स्थानों पर जाम लगा लेकिन कर्मियों ने तुरंत यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी ट्रैफिक