नैनीताल। तल्लीताल कोतवाली क्षेत्र के डोलमार गांव की महिला ने हल्द्वानी निवासी युवती पर घर में घुसकर मारपीट और ईंट से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने तल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, डोलमार गांव निवासी हेमा जीना ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11:50 बजे हल्द्वानी निवासी एक युवती उसके देवर के साथ घर पहुंची। आरोप है कि युवती घर में ही रहने की बात कहने लगी। इस पर परिजनों ने बिना विवाह साथ रहने पर आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने जमीन से ईंट उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी युवती मौके से भाग गई। परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। संवाद