ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ कौन्ता गांव निवासी लाल सिंह (28) की मंगलवार शाम पहाड़ी से गिरकर मौके पर ही मौत हो गई थी। कौन्ता गांव में रहने वाला लाल सिंह मंगलवार शाम हल्द्वानी से सामान खरीदकर टैक्सी से स्यूड़ा गांव पहुंचा। यहां से वह पैदल सामान लेकर कौन्ता गांव लौट रहा था कि असंतुलित होकर पहाड़ी से नीचे जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक का शव मुख्य सड़क पर लाया गया। परिजनों के कहने पर राजस्व पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव परिजनों को सौंप दिया।
सड़क की मांग नहीं हुई पूरी
लाल सिंह की मौत के लिए ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन की लापरवाही बताया है। ग्राम प्रधान अंजू देवी, कनिष्ठ प्रमुख डीकर मेवाड़ी दीवान सिंह, टीकम सिंह, दान सिंह, हरक सिंह, शंकर सिंह ने बताया कि कौन्ता गांव के ग्रामीण वर्षों से सड़क बनाने की मांग करते आ रहे हैं पर आज तक सड़क की मांग पूरी नहीं हो सकी है। इस कारण ग्रामीणों को असुरक्षित 12 किमी पैदल यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अपर सहायक अभियंता पीपी गोस्वामी ने बताया कि टेंडर निस्तारण नहीं होने के चलते कार्य शुरु नहीं हो पाया है।