फरसौली में खेत में पलटी कार। अमर उजाला
- फोटो : BHIMTAL
भवाली (नैनीताल)। हल्द्वानी से बागेश्वर जा रहे एक कार चालक को भीमताल तक युवक और युवती को लिफ्ट देना भारी पड़ गया। रास्ते में किराए के पैसे मांगने पर युवक ने कार चालक को पीटा, चालक के मौके से भागने पर युवक और युवती कार लेकर फरार हो गए। यह कार घटनास्थल से चार किमी दूर खेत में पड़ी मिली, लेकिन युवक-युवती का पता नहीं चला है।
भवाली कोतवाली पुलिस के अनुसार आल्टो कार (यूके 02 2688) चालक अमन कुमार (19) निवासी घिंघरतोला बागेश्वर मंगलवार रात एक बजे हल्द्वानी से बागेश्वर की ओर जा रहा था। इसी बीच हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के पास एक युवक-युवती ने भीमताल से एक किमी आगे तक के लिए लिफ्ट मांगी। भीमताल पहुंचने पर युवक ने थोड़ा और आगे जाने की बात कहकर कार भीमताल डोब ल्वेशाल में रोक ली। कार चालक के पैसे मांगने पर युवक हाथापाई पर उतर आया।
इस पर चालक ने एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई। इसका फायदा उठाते हुए युवक कार लेकर युवती के साथ फरार हो गया। चालक ने घटना की सूचना भीमताल पुलिस को दी। बुधवार सुबह कार घटनास्थल से करीब चार किमी दूर फरसौली रोडवेज कार्यशाला के पास खेत में गिरी मिली। भवाली कोतवाली एसएसआई मनवर सिंह ने बताया कि चालक का पर्स, चाबी और सभी दस्तावेज कार में मिले हैं। पुलिस ने फरार युवक-युवती की तलाश कर रही है।