गौलापार (नैनीताल)। चोरगलिया उमेदपुर में खुली नई देशी शराब की दुकान के विरोध में ग्रामीण तथा महिलाओं का धरना शराब सोमवार को भी जारी रहा।सोमवार को यहां लालकुआं विधायक भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने मामला उठाने की बात कही। ग्रामीणों ने साफ कह दिया कि सीएम से बात जब भी हो, वह यहां शराब किसी कीमत पर नहीं बिकने देंगे।
लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, एसडीएम राहुल शाह व जिला आबकारी अधिकारी मीनाक्षी टम्टा धरना स्थल पर पहुंचे। विधायक ने कहा कि देसी शराब की दुकान शासन से ही निरस्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि एक शिष्टमंडल के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री से भेंटकर देशी शराब की दुकान बंद करवाने की मांग की जाएगी। लेकिन ग्रामीण व महिलाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री से वार्ता होने तक यहां शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक होनी चाहिए। ग्रामीणों ने कहा कि बिक्री होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा, किसी भी हालत में शराब नहीं बिकने दी जाएगी। विधायक तकरीबन 1 घंटा ग्रामीणों को समझाने के बाद धरना स्थल से चले गए।