हल्द्वानी। मुक्त विश्वविद्यालय ने उत्तराखंड के सभी जनपदों में क्षेत्रीय रोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को पहाड़ पर ही व्यवसाय में कुशल बनाने की तैयारी की है।
इसके लिए मुक्त विवि ने कौशल विकास से जुड़े राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) और नेशनल काउंसिल फॉर प्रोफेशनल एंड टेक्निकल एजुकेशन (एनईसीओएम) से एमओयू किया है।
दोनों संस्थाओं की सहमति के बाद पाठ्यक्रम में होम-स्टे, मधुमक्खी पालन, मशरूम का सर्टिफिकेट कोर्स शामिल कर लिया है। पहाड़ों पर बड़े-बड़े होटल की तुलना में होम-स्टे पर्यटक की पसंद बन रहे हैं।
इसके जरिए रोजगार की असीम संभावना को देखते हुए यूओयू ने व्यवसाय से जुड़ा पाठ्यक्रम अपने सर्टिफिकेट कोर्स का हिस्सा बनाया है। जनवरी से छह माह के इस कोर्स में ऑनलाइन दाखिले शुरू होंगे।