हल्द्वानी। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को जिले में जगह-जगह पौधरोपण अभियान हुए। पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया और लोगों से पॉलिथीन का उपयोग न करने की अपील करते हुए कपड़े के थैले बांटे।
जिला गंगा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर गजराज सिंह बिष्ट व नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने किया। उन्होंने रैली में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। रैली में स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। भाजपा नगर मंडल की ओर से डीके पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट आदि ने पौधरोपण किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर कालाढूंगी रोड स्थित जीजीआईसी में सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मनीषा बिष्ट व खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह आदि ने पौधे लगाए। तहसीलदार ने कहा कि हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में हरेला पर्व तक सभी पोलिंग बूथों में मेरा वोट मेरी पहचान-मेरा वृक्ष मेरी जान थीम पर पौधरोपण होगा। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की महानगर सचिव गीता कांडपाल के नेतृत्व में महिलाओं ने जजफार्म क्षेत्र में अनार, नींबू, शरीफा, अमरूद के पौधे लगाए।
महिला डिग्री कॉलेज में प्रभारी प्राचार्य प्रो. एके श्रीवास्तव आदि ने पौधरोपण किया। एमबीपीजी कॉलेज में 24 यूके गर्ल्स और 78 यूके बटालियन के एनसीसी कैडेट्स ने पौधे लगाए। प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने पौधरोपण का शुभारंभ किया। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था के सदस्यों ने अध्यक्ष योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में सेना के जवानों के साथ आर्मी कैंट में छायादार और फलदार पौधे लगाए। सारथी फाउंडेशन समिति ने पूर्व में लगाए गए पौधों को बचाने का संकल्प लिया। संकल्प लेने वालों में समिति अध्यक्ष नवीन पंत आदि रहे। नैनीताल बैंक ने रैली निकाल कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया और पौधे लगाए। रैली में क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल प्रधान आदि थे। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से मंडी बाइपास पर विशेष अभियान चलाकर लोगों को जूट से बने बैग बांटे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी अनुराग नेगी, हरीश चंद्र जोशी मौजूद रहे। अरुणोदय संस्था ने अरुणोदय धर्मशाला परिसर में पर्यावरण संरक्षण पर विचार गोष्ठी एवं काव्य संध्या आयोजित की। मुख्य अतिथि पर्यावरणविद डॉ. बीएस कालाकोटी व मुख्य वक्ता पर्यावरण प्रेमी डॉ. आशुतोष पंत थे। अध्यक्षता प्रो. पीसी बाराकोटी व संचालक बिपिन चंद्र पांडे ने किया।
प्लांट जंक्शन की संचालक शिवांगी कुमुद ने सभी को पौधे बांटे। भाजपा मुखानी मंडल ने राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय फूलचौड़ में पौधरोपण किया। यहां मुख्य अतिथि विधायक बंशीधर भगत, मंडल अध्यक्ष दलीप सिंह नेगी, कार्यक्रम संयोजक भवान सिंह बिष्ट, कमल दुर्गापाल आदि रहे। उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) के कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह, संतोषी डिमरी, गीता उप्रेती, कनक, कविता, मयंक तिवारी, आदि मौजूद रहे। आश्रय सेवा समिति के प्रकाश डिमरी ने लोगों को पौधों के महत्व की जानकारी दी। यूथ भारती फाउंडेशन ने तराई पूर्वी वन प्रभाग के साथ मिलकर पौधरोपण किया। डीएफओ तराई पूर्वी हिमांशु बागरी ने कहा यह अभियान हरेला पर्व तक जारी रहेगा। इस मौके पर फाउंडेशन संयोजक डॉ. गौरव गुप्ता, अरविंद मलिक आदि मौजूद रहे। टैक्स बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता विनय कुमार टंडन न्यायिक क्षेत्र के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी काम कर रहे हैं। वह अपनी माताजी की स्मृति में पौधे लगा रहे हैं। भारत विकास परिषद शाखा हल्द्वानी की ओर से बीएलएम एकेडमी मोतीनगर में छात्रों के लिए पर्यावरण स्लोगन प्रतियोगिता कराई गई। स्कूल की प्रधानाचार्य गायत्री कंवर और डायरेक्टर सौम्या अग्रवाल ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संबंधित जानकारी दी। यहां शाखा अध्यक्ष दीपक बख्शी, सचिव डॉ. निधि अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल आदि थे।
प्रकृति का संतुलन बनाने को हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे : आयुक्त
हल्द्वानी। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयुक्त दीपक रावत ने कैंप कार्यालय में पौधा लगाया। कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उन्हें इसके लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम रेखा कोहली, तहसीलदार मनीषा बिष्ट मौजूद रहे।
पर्यावरण बचाने के लिए जागरूकता रैली निकाली
नैनीताल/भीमताल/भवाली/कालाढूंगी/गौलापार। विश्व पर्यावरण दिवस पर नैनीताल बैंक के प्रधान कार्यालय की ओर से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता रैली निकाली गई। बैंक के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार लाल के नेतृत्व में लोगों को प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का संदेश दिया गया। कुमाऊं विश्वविद्यालय के इनोवेशन इंक्यूवेशन सेंटर, डीएसबी परिसर के वन विज्ञान विभाग और वनस्पति विज्ञान विभाग की ओर से पर्यावरण दिवस मनाया गया। इधर, छावनी परिषद में भी सीईओ वरुण कुमार के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया। संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा और संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। डीएसए मैदान से कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सरिता आर्या, नैनीताल के जोनल इंचार्ज जसबिंदर सिंह व पीलीभीत के जोनल इंचार्ज प्रीतपाल सिंह ने पौधरोपण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए शपथ दिलाकर किया। नैनीताल फ्लैट मैदान, तल्लीताल, मल्ली ताल, वार्ड सात के मेट्रोपोल, डीएसए ग्राउंड क्षेत्र, नैनीझील वाला एरिया, मल्लीताल, भावली मोटर मार्ग, शेरवानी क्षेत्र में वालंटियर ने सफाई की। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान भीमताल में विश्व पर्यावरण दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम किए गए। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए गए। यहां प्राचार्य डायट सुरेश चंद्र आर्य, ललित प्रसाद तिवारी, डॉ. विमल किशोर, डॉ. शैलेंद्र सिंह धपोला, डॉ. सुमित पांडे, डॉ. पूरन सिंह बुंगला, डॉ. ज्योतिर्मय मिश्र आदि मौजूद रहे।
पांच हजार पौधे रोपे
रामनगर/लालकुआं। पर्यावरण दिवस पर रामनगर में विभिन्न कार्यक्रम हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, रामनगर वन प्रभाग, तराई पश्चिमी वन प्रभाग की ओर से जागरूकता और स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त रामनगर महाविद्यालय, मालधनचौड़ महाविद्यालय में कार्यक्रम हुआ। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और वेस्ट वॉरियर्स की ओर से सफाई अभियान चलाया गया। इस मौके पर उपनिदेशक राहुल मिश्रा, पार्क वार्डन अमित कुमार ग्वासीकोटी, एसडीओ बिंदरपाल आदि रहे। दूसरी ओर, ढेला रेंज में रेंजर नवीन चंद्र पांडे के नेतृत्व में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कृषि उत्पादन मंडी समिति, रामनगर स्थित आईआईएमटी डिग्री कॉलेज में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। उधर लालकुआं स्थित सेंचुरी मिल में संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में परिसर में पांच हजार पौधे रोपे गए। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की 34वीं बटालियन में कमांडेंट अनिल बिष्ट के नेतृत्व में हिमवीरों ने पौधे रोपे। नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में पौधे रोपे गए।