गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लाक के धारी गांव से मार्च के पहले हफ्ते में फरार हुई महिला को बेतालघाट पुलिस ने एक पुरुष के साथ शुक्रवार को गिरफ्तार कर कोश्या कुटौली के उपजिलाधिकारी न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने के साथ महिला को उसके मायके वालों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने महिला के दोनों बच्चों को उनके पिता के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक राजस्थान के मोगरा क्षेत्र निवासी श्याम लाल बेतालघाट के धारी गांव में मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक महिला से हुई और इसके बाद दोनों के बीच फोन पर संपर्क बढ़ गया।
मार्च के पहले हफ्ते में उक्त महिला बगैर किसी को बताए अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर मजदूर के साथ राजस्थान चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब महिला और उसके दोनों बच्चों का पता नहीं चला तो परिजनों ने गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उक्त दोनों को धारी गांव से गिरफ्तार कर उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार के न्यायालय में पेश किया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया है जबकि महिला को उसके ससुरालियों और दोनों बच्चों को पिता के हवाले कर दिया गया है।
फरार महिला और आरोपी मजदूर की गिरफ्तारी की भनक लगते ही कई ग्रामीण तहसील में आ पहुंचे। उन्होंने उपजिलाधिकारी से आरोपी मजदूर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहसील पहुंचने वालों में विशन जंतवाल, नंदन मेहरा, मदन मोहन, हेमा नेगी, गंगा, बचुली देवी आदि शामिल थे।