हल्द्वानी। इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में आयोजित कुमाऊं विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय योगासन प्रतियोगिता में महिला वर्ग की ट्राफी अपने नाम की।
योग छात्राओं शिवानी कार्की, दीक्षा मेहरा, मीनाक्षी पंत, निकिता पवार, नेहा धानक, रिया नैनवाल ने योग के विभिन्न आसनों का एकल व सामूहिक प्रदर्शन कर बाकी महाविद्यालयों को महिला वर्ग में पीछे छोड़ा। महाविद्यालय की योग प्रशिक्षिका डॉ. ज्योति चुफाल के निर्देशन में छात्राओं ने यह उपलब्धि हासिल की है। विजेता टीम को शानदार ट्राफी से सम्मानित किया गया। योग प्रशिक्षिका डॉ. ज्योति ने कहा कि छात्राओं की शानदार मेहनत का यह प्रतिफल है। महाविद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा, प्रो. एके श्रीवास्तव, योग प्रभारी डॉ. हिमानी, क्रीड़ा प्रभारी डॉ. गीता, डॉ. रेखा जोशी, डॉ. तनुजा बिष्ट, डॉ. रश्मि पंत, डॉ. ऋतुराज पंत ने प्रसन्नता जाहिर की है। संवाद