हल्द्वानी। चंबलपुल से चौफुला के बीच पेयजल लाइन बिछाने के कार्य का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को मित्रपुरम की महिलाओं ने अनोखे अंदाज में ढोल-मंजीरे के साथ देवी मां के भजन गाकर विरोध जताया। महिलाओं का कहना है कि जल संस्थान छह इंच के बजाए चार इंच की पेयजल लाइन बिछाकर क्षेत्र की जनता के साथ भेदभाव कर रहा है।
नवरात्र के पहले दिन मित्रपुरम की महिलाएं ढोल-मंजीरे लेकर घरों से निकलीं और देवी मां के भजन गाते हुए सड़क पर एकत्र हो गईं। यहां उन्होंने पेयजल लाइन बिछाने का कार्य रुकवा दिया और छह इंच की पाइलाइन डालने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने तक कार्य शुरू नहीं करने देने की चेतावनी दी। महिलाओं ने करीब ढाई घंटे तक भजन गाते हुए जल संस्थान के खिलाफ विरोध जताया।
इस बीच विधायक सुमित हृदयेश भी मौके पर पहुंच गए और महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने बृहस्पतिवार को विधायक आवास में जल संस्थान और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर समस्या का हल निकालने और मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान प्रदर्शन करने वालों में गीता देवी, दीपा गोस्वामी, अनीता लटवाल, निधि बिष्ट, गीता बिष्ट, मुन्नी देवी, मन्नू गोस्वामी, हेमंत डोभाल, कुंवर सिंह बोरा आदि मौजूद रहे।