गोपाल मंदिर नईबस्ती में मारपीट के दौरान घायल महिला की सुशीला तिवारी अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद बनभूलपुरा पुलिस ने परिजनों को महिला का पोस्टमार्टम कराने का सुझाव दिया लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
इधर परिजनों ने थाने में तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने का पुलिस से अनुरोध किया है। बता दें कि छह जून को नईबस्ती निवासी जावेद अहमद का कबूतर उड़कर पड़ोसी नब्बू की छत पर बैठ गया।
विवाद के दौरान दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों की तरफ से मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था।
शुक्रवार को जावेद के भाई परवेज और नासिर अपने जीजा दिलशाद के साथ बनभूलपुरा थाने में पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी कि पिटाई से घायल परवेज की मां शाहजहां बेगम की सुशीला तिवारी अस्पताल में मौत हो गई है। परिजनों ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में डाक्टरों से राय लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। उपनिरीक्षक विनोद घई का कहना है कि इस मामले में महिला की स्थिति के बारे में भी अन्य लोगों से जानकारी मांगी जाएगी।