हल्द्वानी। कुमाऊं कमिश्नर और मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं। एक मामले में उन्होंने सूदखोरों की ओर से जब्त की गई कार पीड़ित को वापस दिलाई।
संगीता भाकर ने कमिश्नर रावत से शिकायत की थी कि ज्वेलर्स राजेंद्र सिंह से 15 हजार की धनराशि सूद में लेने के एवज में उनकी वैगनआर कार को गिरवी रख दिया। साथ ही 15 हजार की धनराशि 10 प्रतिशत ब्याज पर दी थी। इसके बाद तय समयसीमा के भीतर धनराशि नहीं देने पर ब्याज की राशि को तीन गुना कर दिया था। सोमवार को आयुक्त ने संगीता को उनकी कार वापस दिलाई। साथ ही एक हजार रुपये प्रतिमाह ज्वेलर्स को देने के निर्देश दिए। ज्वेलर्स को आगाह किया कि इस प्रकार का कृत्य भविष्य में दोबारा पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। माई सिटी रिपोर्टर