शहर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब बिजली गुल होने पर पानी के लिए नहीं तरसना पड़ेगा। जल संस्थान के सभी पंप हाउस अब जल्द ही अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित जेनरेटरों से लैस होंगे। एडीबी की मदद से लगाए जा रहे इन जेनरेटरों की स्थापना के लिए दोनों महकमो ने कवायद शुरू कर दी है। सितंबर तक काम पूरा हो जाएगा।
नैनीताल शहर में बर्फबारी का दौर हो या फिर आंधी तूफान का। दोनों ही परिस्थितियों में बिजली की लाइनों पर पेड़ गिरने और लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से बिजली व्यवस्था बाधित हो जाती है। जिससे पंप न चलने की वजह से पानी सप्लाई भी बाधित हो जाती है। अब एडीबी जल संस्थान के सभी पंप हाउसों में जेनरेटर लगाने जा रहा है।
एडीबी के मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर दुर्गेश पंत ने बताया जल संस्थान के चिल्ड्रन पार्क स्थित पंप हाउस में 625 केवीए, मुख्य पंप हाउस में 380 केवीए, सूखाताल में 250 केवीए जबकि फांसी गधेरा स्थित पंप हाउस में 160 केवीए क्षमता का जेनरेटर लगाया जाएगा। पंत के मुताबिक जनरेटरों को लगाने के लिए देहरादून की टेफटोन टेक्नोलाजी लिमिटेड से अनुबंध भी हो चुका है। इसमें 1 करोड़ 42 लाख का खर्च आएगा।
जल संस्थान के ईई जगदीप चौैधरी के मुताबिक 45 हजार की जनसंख्या वाले नैनीताल में सात हजार पेयजल कनेक्शन हैं। पीक सीजन मेें 18 एमएलडी पानी की जरूरत होती है, लेकिन विभाग 14 एमएलडी की आपूर्ति कर पाता है। जनरेटर लगने से नगरवासियों को पानी के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। इधर, विधायक सरिता आर्या ने भी जनरेटर लगने की कवायद पर खुशी जताई है।