नैनीताल में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अधिकारियों के साथ बैठक करते उपजिलाधिका?
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। अपर जिलाधिकारी शिवचरण द्विवेदी ने कहा है कि तंबाकू जैसे हानिकारक पदार्थों को छोड़ने की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। तभी हम समाज को प्रभावशाली तरीके से इन उत्पादों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक कर सकते हैं।
एडीएम द्विवेदी यहां जिला कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माता-पिता चाहते हैं कि उनका पाल्य किसी भी तरह के तंबाकू या हानिकारक पदार्थों का सेवन न करे। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने अभिभावकों एवं माता-पिता के कार्यों का अनुकरण करते हैं। ऐसे में अभिभावकों को स्वयं की गलत आदतों को बदलना होगा।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह स्कूल कॉलेजों के आसपास छापामारी करें ताकि स्कूल परिसर से सौ मीटर दायरे में स्थित तंबाकू उत्पादों की बिक्री को रोका जा सके। कहा कि स्कूलों में भी विद्यार्थियों की तलाशी ली जाए। कोई व्यक्ति विद्यालय से सौ मीटर की परिधि पर प्रतिबंधित तंबाकू बेचता मिले तो उसका चालान किया जाए। उन्होंने स्कूल परिसर में तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव युक्त होर्डिंग्स लगवाने, प्रार्थना के दौरान बच्चों को नशे के खिलाफ जागरूक करने, सभी सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण बोर्ड लगवाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी, एसीएमओ डॉ. तरुण कुमार टम्टा, डॉ. अनुपमा ह्यांकी, सहायक आयुक्त राज्यकर अभिषेक ह्यांकी, सीओ यातायात राजेंद्र सिंह, तल्लीताल के एसओ रोहताश सिंह, नगर पालिका के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गणेश सिंह धर्मशक्तू, चिकित्सा विभाग के मदन मेहरा, दीवान सिंह बिष्ट, हरेंद्र और मनोज आदि मौजूद थे।