कई राजनीतिक हस्तियाें के सियासी सफर में काैमी एकता का गुलदस्ता कहे जाने वाले तराई की अहम भूमिका रही हैं। राजनीति के पुरोधाओं ने भी इस गुलदस्ते को हमेशा संजोये रखा। देश के सातवें राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने धार्मिक स्थलों के दर्शन में भी गुरुद्वारा, मंदिर और मस्जिद तीनों के दर्शन किए थे।
विज्ञापन
70 बसंत पार कर चुके वरिष्ठ कांग्रेसी नेता खेड़ा रुद्रपुर निवासी जहांगीर उबैद कुरैशी बताते हैं कि वर्ष 1969 में झा इंटर कालेज में विकास पुरुष के नाम से पहचाने जाने वाले पंडित नारायण दत्त तिवारी आए थे। तिवारी के वक्तव्यों से प्रभावित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। कांग्रेस में आए एक साल ही हुआ था कि 70 के दशक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत के बेटे केसी पंत नैनीताल संसदीय सीट से चुनाव लड़े। उस दौरान तराई क्षेत्र नैनीताल जिले में था। चुनाव प्रचार के साधन बहुत कम थे।