नैनीताल। गैरीखेत गांव में पॉलिटेक्निक गैरीखेत मार्ग बोल्डर गिरने से बंद हो गया था। इसके चलते सब्जी व दूध बेचने के लिए शहर आने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को सूचना देकर रास्ते से बोल्डर हटवाने की मांग की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन की अनदेखी पर ग्रामीणों ने खुद ही बड़े बोल्डरों को हटाया और वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर नाराजगी व्यक्त की। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पटवारी और लोनिवि की टीम को मौके पर भेजा गया था। एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि लोनिवि की टीम और पटवारी ने क्षेत्र का निरीक्षण किया है। बंद रास्ते को फिलहाल खोल दिया गया है। दैवी आपदा के तहत प्रस्ताव बनाकर मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा। संवाद