इंग्लैंड में महिला क्रिकेट विश्व कप खेलकर पहली बार हल्द्वानी पहुंचने पर क्रिकेटर एकता बिष्ट का हल्द्वानी में जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। खेल प्रेमियों, व्यापार मंडल, खेल एसोसिएशन सहित कई संगठनों ने एकता बिष्ट के स्वागत में ढोल नगाड़ों के साथ रैली निकाली।
शनिवार को महिला क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट हल्द्वानी पहुंची। खेल प्रेमियों के साथ विभिन्न संगठनों ने एचएन इंटर कॉलेज के पास भव्य स्वागत किया। इसके बाद खेल प्रेमियों ने यहां से रैली निकाली जो पूरे शहर होते हुए गणपति बैंकट हॉल पहुंची। यहां एसएसपी जन्मजेय खंडूरी ने उनका स्वागत किया और प्रतीक चिन्ह भेंट किए।
इसके अलावा कई संगठनों, व्यापार मंडल के पदाधिकारी आदि जनसंगठनों ने उनका स्वागत किया। हल्द्वानी ब्राह्मण उत्थान महासभा के पदाधिकारियों ने भी एकता बिष्ट का स्वागत किया। डिग्री कालेज के छात्र-छात्राओं और छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने एमबी डिग्री कालेज के पास एकता का स्वागत किया।
इस दौरान नवीन वर्मा, हरिमोहन अरोड़ा, प्रताप बिष्ट, लीला कांडपाल, मोहन बोरा, संजय दुम्का, हर्षवर्धन पांडे, रुपेंद्र नागर, विशाल शर्मा, हेमंत कोठारी, नवीन पंत, सुनील बमेठा आदि मौजूद रहे। व्यापार मंडल की ओर से भी हाइडिल गेट पर महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट का सम्मान किया गया।
क्षेत्र की महिलाओं ने एकता बिष्ट को फूलमालाएं पहनाईं तो व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा और ग्रामीण व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रमोद भट्ट ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों में खेल एसोसिएशन से जुड़े परमजीत सिंह कोहली संटी, एसके सिंह आदि भी शामिल रहे।
यहां-यहां हुआ स्वागत
एनएन इंटर कॉलेज के पास, सिंधी चौराहे के पास, कोतवाली के आगे, नगर निगम के पास, तिकोनिया के पास, डिग्री कालेज के पास, टेड़ी पुलिया, गणपति वैंकट हॉल, जजी कोर्ट और काठगोदाम के पास