भीमताल/पहाड़पानी/धानाचूली। रामगढ़ और धारी क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से सेब की बागवानी को 60 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है। आड़ू, प्लम, खुबानी, आलू, टमाटर, बीन, बैंगन और शिमला मिर्च को भी 30 से 40 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है।
रविवार को मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा ने ओलावृष्टि को लेकर सर्वे किया। सर्वे के मुताबिक सतबूंगा के तोक कपुवा, पाटा, लोधिया, दुत्कानेधार में सेब और प्लम को 55 से 60 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है। रामगढ़ क्षेत्र के सकुना, पिछलटाना, कांडा, झूतिया, लोश्ज्ञानी में आड़ू, प्लम, खुबानी, बीन और टमाटर को 40 से 45 प्रतिशत और हरतोला, बांसगांव और हरिनगर में सेब, आड़ू, प्लम, खुबानी, टमाटर की फसल को 33 से 35 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है।
लोध गांव के किसान गोपाल सिंह लोधियाल, हरीश सिंह और तारा सिंह ने बताया कि ओलावृष्टि से बेहद नुकसान पहुंचा है। इससे आर्थिक रूप से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दुत्कानेधार और सतबूंगा के किसान नानू कपूवा, उमेश सिंह नयाल, तारा सिंह नयाल और लाल सिंह ने कहा कि आड़ू, खुबानी और प्लम की फसल नष्ट होने से किसान परेशान हैं। इधर पहाड़पानी व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा मेलकानी ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से किसानों को फसली ऋण उपलब्ध कराने के साथ ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। प्रधान भूपेश तिवारी, दिनेश मेलकानी, नवीन चंद्र, प्रियंक मिश्र, पवन महतोलिया ने भी मुआवजा दिलाने को कहा है। मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा ने कहा कि किसानों को मानकों के तहत मुआवजा दिया जाएगा। इस दौरान उद्यान निरीक्षक मोहन लाल, प्रियंका आदि मौजूद रहे। संवाद