भीमताल (नैनीताल)। 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने कहा है कि देशभर के पंचायतों की समस्याएं सुनने के साथ ही ग्राम पंचायतों से ही उनके समाधान के सुझाव भी लिए जा रहे हैं। कहां क्या समस्या है और वह कैसे दूर हो, इस पर आयोग पंचायतों के र्दौरे के बाद निर्णय लेगा। अपनी रिपोर्ट के आधार पर समस्याएं दूर करने के लिए केंद्र सरकार को जून माह तक सिफारिशें उपलब्ध करा देगा, ताकि समस्याओं को ठोस और जल्द समाधान हो सके।
16वें वित्त आयोग की टीम मंगलवार को यहां ग्राम पंचायत चाफी और अलचौना के दौरे पर थी। इस दौरान आयोग की टीम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने कहा कि टीम ने समस्याओं की गंभीरता समझते हुए ग्राम पंचायतों से समाधान के सुझाव भी लिए हैं। देश भर में ग्राम पंचायतों में क्या समस्याएं हैं, इस बात को ध्यान में रखते हुए आगे समाधान की दिशा तय की जाएगी। जून तक आयोग अपनी रिपोर्ट के आधार पर भारत सरकार को इसके लिए सिफारिशें भेज देगा।
ग्रामीणों ने आयोग की टीम के सामने जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान समेत तमाम समस्याएं रखीं। इस पर आयोग ने कहा कि जंगली जानवरों और सड़क संबंधी समस्या राज्य सरकार स्तर पर ही हल की जाएंगी। अन्य समस्याओं के समाधान के लिए वह पूर्ण अध्ययन के बाद रिपोर्ट बनाएंगे। इस दौरान आयोग सदस्यों ने पॉलीहाउस नर्सरी का निरीक्षण कर लिलियम के फूलों के आयात-निर्यात को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में खेतीबाड़ी की अपार संभावनाएं हैं। सरकार भी खेतीबाड़ी और पलायन रोकने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्होंने महिला समूहों की ओर से तैयार पहाड़ी उत्पादों को देखकर महिलाओं के कार्यों की सराहना की।
टीम में ऐनी जॉर्ज मैथ्यू, डॉ. मनोज पांडा, डॉ. सौम्या कांति घोष, सचिव ऋत्विक पांडे, संयुक्त सचिव केके मिश्रा, पी अमरुथ वर्षेणी, कुमार विवेक शामिल थे। इससे पहले कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और डीएम वंदना ने टीम के सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान शासन में सचिव मीनाक्षी सुंदरम, दिलीप जावलकर, वाईके पंत, सी रविशंकर, सोनिका, विनीत कुमार, अभिषेक रुहेला, के साथ ही आशुतोष अवस्थी, निकिता जैन, अभय मित्तल, सुधा राजगोपाल आदि मौजूद रहे। संवाद
ग्राम पंचायतों के क्षेत्रफल के आधार पर जारी हो बजट
भीमताल। अलचौना, चाफी पहुंचे 16वें वित्त आयोग की टीम के समक्ष ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने तमाम समस्याएं रखीं। विधायक राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आपदा के दौरान होने वाले नुकसान से लोगों को होने वाली समस्या से अवगत कराया। भीमताल ब्लॉक प्रशासक डॉ. हरीश बिष्ट ने टाइड फंड 10 और अनटाइड फंड 90 प्रतिशत करने की मांग की।
ज्येष्ठ प्रमुख हिमांशु पांडे ने कहा कि 16वें वित्त का बजट ग्राम पंचायतों में क्षेत्रफल के आधार पर जारी हो, ताकि ग्राम पंचायतों में बेहतर विकास कार्य हो सके। ग्राम प्रशासक पूरन भट्ट ने अलचौना-चाफी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए बजट की मांग रखी। जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया, बीडीसी सदस्य सदस्य अनीता प्रकाश और प्रगतिशील किसान आनंदमणि भट्ट ने जंगली जानवरों से किसानों को आर्थिक रूप से हो रहे नुकसान की जानकारी दी।
कमला देवी ने ने नेटवर्क समस्या हल कराने को कहा। किसान बलवीर सिंह ने कोल्ड वैन और कोल्ड स्टोरेज लगाने की मांग की। इससे पहले वित्त आयोग की टीम ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर पहाड़ी और हस्तशिल्प उत्पादों की जानकारी ली। संवाद