पतलोट (नैनीताल)। पंचायत चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर चुके ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पश्यां बेड़ुखेत, नयागांव के ग्रामीणों ने गांव पहुंचे एसडीएम को साफ कह दिया है कि रोड नहीं बनी तो चुनाव में उनकी हिस्सेदारी नहीं होगी। ग्रामीणों ने कहा कि अब आश्वासन नहीं, उन्हें सड़क चाहिए।
आजादी के बाद से अब तक तीन किमी सड़क नहीं बनने से नाराज बेडुखेत, नयागांव के ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी थी। ग्रामीणों की समस्या को अमर उजाला ने 12 जून को विस्तार से प्रकाशित किया था। शनिवार को धारी एसडीएम केएन गोस्वामी, पीएमजीएसवाई, लोनिवि और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ तीन किमी पैदल नदी पार करके गांव पहुंचे। एसडीएम ने कहा कि आचार संहिता हटते ही लोनिवि सड़क निर्माण को लेकर सर्वे करेगा। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत चुनाव में मतदान करने की अपील की, लेकिन ग्रामीणों ने सड़क नहीं बनने तक चुनाव बहिष्कार जारी रखने की बात कही।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव में किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर उसे डोली और कुर्सी के सहारे तीन किमी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया जाता है। किसानों को अपनी फसलों को कंधे पर लाना पड़ता है। बरसात में नदी के तेज बहाव में जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर होना पड़ता है। इस दौरान तहसीलदार राजेंद्र सनवाल, बीडीओ प्रदीप पंत, ईई दीपक कुमार, एई हितेश सती, घनश्याम पोखरिया, चंद्रशेखर सुयाल, रामदत्त सुयाल, केशव पोखरिया, भुवन सुयाल, कमल पोखरिया, मोतीराम पोखरिया, जगदीश पोखरिया, राजीव कुमार, गोपाल बिष्ट आदि मौजूद रहे।
सड़क के गड्ढों में रोप दी घास
पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक के करालय मोटर मार्ग के लंबे समय से बदहाल होने से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को सड़क के गड्ढों में घास रोपकर विरोध जाहिर किया। ग्रामीणों ने दो किमी सड़क पर डामरीकरण नहीं होने से सड़क के कीचड़ में तब्दील होने पर सरकार और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने कहा कि करायल बैंड से तुषराड़, रमोलागांव, टकुरा, जमराणी, पैटना, रैकुना, थलाड़ी, गंगोलीगाड़, पुटपुड़ी गांवों की छह हजार से अधिक आबादी दो किमी सड़क पर डामरीकरण नहीं होने से परेशान है। तुषराड़ के मनोज जोशी ने बताया कि बरसात में सड़क पर कीचड़ होने से वाहनों की आवाजाही नहीं होने से ग्रामीणों और किसानों को समस्या का करना पड़ता है। अधिकारियों को बताने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। पंकज कफल्टिया ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कहने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि जल्द सड़क पर डामरीकरण नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान देवेश कफल्टिया, राजू कफल्टिया, कमल सिंह, राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।