हल्द्वानी। गौला नदी से पानी की आपूर्ति ठप होने से शहर की एक लाख की आबादी को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। मंगलवार दोपहर युवक के नहर में बहने के कारण प्रशासन के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने नहरों का पानी बंद कर दिया। इनमें जल संस्थान के शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट वाली नहर भी शामिल थी।
जल संस्थान के ईई आरएस लोशाली ने बताया कि शाम की पाली में टैंकों से पानी की आपूर्ति की गई। रात आठ बजे तक गौला से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी। शहर के बिठौरिया, दमुवाढूंगा, नैनीताल, रोड, रामपुर रोड, मंगलपड़ाव, मुखानी, जज फार्म, कालाढूंगी रोड आदि क्षेत्रों की एक लाख से अधिक आबादी को रोजाना फिल्टर प्लांट से सुबह-शाम पानी की सप्लाई की जाती है। बीते दो सप्ताह से गौला में सिल्ट आने से हर दूसरे दिन आपूर्ति प्रभावित हो रही है। सिंचाई विभाग के ईई दिनेश रावत ने बताया कि बैराज में रेत आदि जमा होने से समस्या हो रही है।
-
एक घर में पानी के दो बिल आने की शिकायत
हल्द्वानी। पानी का कनेक्शन एक है लेकिन बिल दो मिल रहे हैं। ऐसी ही शिकायत मंगलवार को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से की गई है। मल्ला गोरखपुर वार्ड के निवासी हरीश सिंह की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि उनके पास लंबे समय से घर के पानी के दो बिल प्राप्त हो रहे हैं। उनका तीन माह का वास्तविक बिल 822 रुपये है जबकि दूसरा बिल 7781 रुपये का है, वह उनका नहीं। जल संस्थान के ईई आरएस लोशाली ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जेई को जांच के निर्देश दिए हैं।