नैनीताल। बीते दो दिनों तक प्रतिकूल रहे मौसम बारिश व ओलावृष्टि नैनीझील के लिए मुफीद साबित हुई है। फरवरी के अंतिम दिनों में जहां झील का जलस्तर चार वर्षों में कम था तो अब यह बेहतर स्थिति में पहुंच गया है। बारिश भी बीते तीन वर्षों में सबसे अधिक दर्ज की गई है।
इस वर्ष सर्द मौसम में कम बारिश, ओलावृष्टि व बहुत कम बर्फबारी का प्रतिकूल असर नैनीझील के जलस्तर भी पड़ रहा था। 27 फरवरी की सुबह तक नगर में जनवरी से अब तक केवल 1.5 मिमी बारिश हुई थी। 27 व 28 फरवरी को हुई बारिश व ओलावृष्टि 101.5 मिमी मापी गई, जिससे शहर में जनवरी से अब तक कुल बारिश 103 मिमी हो गई है। झील का जलस्तर भी बढ़कर पांच फुट साढ़े तीन इंच हो गया है। झील नियंत्रण कक्ष प्रभारी रमेश गैड़ा ने बताया कि 27 फरवरी की सुबह झील का जलस्तर चार फुट साढ़े ग्यारह इंच था जो दो दिनों की बारिश के बाद चार इंच की बढ़ोतरी के साथ पांच फुट साढ़े तीन इंच हो गया है। संवाद
इनसेट
झील का जल स्तर दो मार्च को तथा एक जनवरी से अब तक हुई बारिश
2025 पांच फीट साढ़े तीन इंच 103 मिमी
2024 पांच फुट 18 मिमी
2023 पांच फुट पांच इंच 24 मिमी
2022 आठ फुट चार इंच 111 मिमी
2021 तीन फुट दो इंच 50 मिमी