लोक निर्माण विभाग ने जल संस्थान से हजारों में नहीं बल्कि लाखों में हर्जाना मांगा है। विभागीय अधिकारियाें के अनुसार बिना अनुमति सड़क जल संस्थान ने खोदी है। अब हर्जाने की राशि से ही सड़क की मरम्मत होगी।
जल संस्थान और लोनिवि के बीच खींचतान जारी है। लोनिवि बिना अनुमति सड़क खोदने और नुकसान पहुंचाने के मामले में जल संस्थान की शिकायत कर चुका है।
पर आरोप है कि इसके बाद भी जल संस्थान ने सड़क खोद डाली जो कि हाल के समय में बनी थी। अब खोदी गई सड़क और नुकसान को लेकर लोनिवि ने जल संस्थान से हर्जाना भी मांगा है।
अधिशासी अभियंता रणजीत सिंह रावत कहते हैं कि सीएमटी, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन, महिला महाविद्यालय के पास, कालाढूंगी रोड पर यूनियन बैंक समेत 10 जगहों पर बिना अनुमति के सड़क को खोदा है।
विभाग ने इसका करीब 11 लाख का हर्जाना जल संस्थान से मांगा है। जो राशि मिलेगी, उससे जहां पर नुकसान हुआ है वहां पर नये सिरे से मरम्मत का कार्य किया जाएगा।