बरसात के बाद हल्द्वानी की सड़कें जानलेवा हो गई हैं। गली मोहल्ले की सड़कें तो दूर नेशनल हाइवे में जगह-जगह सड़क गड्ढों में गायब हो गई है। बरेली रोड की भी दुर्गति हुई है।
यह रोड गौला के रोखड़ से बदतर हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें पानी भरा होने से दुर्घटनाएं हो रही हैं। वाहन चालकों की फुटपाथ पर चलना मजबूरी हो गई है।
बरसात में अधिकतर सड़कों की हालत खराब है। बरेली रोड नेशनल हाइवे में बरसात से पहले ही पेच वर्क और डामरीकरण हुआ था। बरसात से सड़क उधड़ गई है।
खासकर चौराहों पर एक-एक फीट गहरे और कई फीट लंबे एवं चौड़े गड्ढे बने हैं। जिनमें पानी भरा रहता है। गड्ढों में पानी भरा होने से दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जबकि कारों का चेसिस टकरा रहा है।
धानमिल चौराहा, गोल्डन फर्नीचर, मंडी गेट, गांधी स्कूल स्थित लुटरिया आश्रम, पर्वतीय मोहल्ला के आगे, तीनपानी और गोरापड़ाव में गड्ढों से सड़क ही गायब हो गई है।
गड्ढों के चलते भारी वाहनों के पट्टे एवं कमानी टूटने की शिकायतें आ रही हैं। इस रोड पर भारी वाहनों का भी अत्यधिक दबाव है। धानमिल, गोल्डन फर्नीचर और लटुरिया आश्रम के पास अक्सर सड़क की रिपेयरिंग होती है।
इन जगहों पर सड़क के नीचे से जलसंस्थान की पेयजल लाइनें गई हैं। लीकेज होने से डामर उखड़ने लगता है और गड्ढा बन जाता है। लेकिन इस बरसात में कई जगहों पर पूरी की पूरी सड़क गायब हो गई है।
कोट
बरसात से सड़कों पर गड्ढे हुए हैं। कई जगहों पर पेच वर्क शुरू कर दिया है। बरेली रोड में भी जल्द ही पेच वर्क शुरू कर गड्ढों का भरान कराया जाएगा। - रणजीत सिंह रावत, ईई लोनिवि