रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन (डीएलएड) प्रवेश परीक्षा परिणाम के आधार पर 25 प्रतिशत अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची जारी कर दी है।
उत्तराखंड बोर्ड के सचिव वीपी सिमल्टी ने बताया कि बोर्ड ने 15 अप्रैल को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर डीएलएड प्रवेश परीक्षा आयोजित कराई थी। इसके बाद शिक्षा निदेशालय देहरादून से 10 अक्तूबर को जारी पत्र के अनुपालन में प्रत्येक वर्ग, श्रेणी में 25 प्रतिशत अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची जारी की गई है। इनकी काउंसलिंग शिक्षा निदेशालय की ओर से होगी। अभ्यर्थियों को वहीं से इसकी सूचना दी जाएगी।
निदेशालय प्रतीक्षा सूची के वरीयता क्रम में उसी वर्ग, श्रेणी के अभ्यर्थी को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। त्रुटिपूर्ण तथ्य अंकित करने पर उस अभ्यर्थी का नाम प्रतीक्षा सूची में आने, अपात्र अभ्यर्थी का परीक्षाफल निरस्त कर दिया जाएगा। उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। अभ्यर्थियों की सूची एवं विस्तृत जानकारी परिषद की वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर विभागीय परीक्षा वाले कॉलम में उपलब्ध है।