हल्द्वानी। सरकारी तंत्र के ढीले इंतजाम लोगों पर भारी पड़ रहे हैं। सेना भर्ती के लिए कोविड जांच करवाने वाले युवा परेशान हैं। बेस अस्पताल में सुबह से ही लाइन लग रही है। जांच के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। किसी की रिपोर्ट भी एक या दो दिन में आ जा रही है तो किसी को चार से पांच दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कोविन एप की सुस्त रफ्तार के चलते लोगों को टीकाकरण के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
बेस अस्पताल में कोरोना जांच के लिए लाइन लगने के दौरान सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। साथ ही कई लोग बिना मास्क के दिख रहे हैं। बुधवार को सुबह से ही सीएमओ कैंप कार्यालय के बाहर रिपोर्ट लेने वालों की लाइन लगी थी। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि सभी रिपोर्ट जल्द कराने का प्रयास किया जा रहा है। रिपोर्ट आते ही फोन पर भी सूचना दी जा रही है।
तीसरे मंजिल पर नहीं लगी भीड़
हल्द्वानी। बेस अस्पताल में मंगलवार को टीकाकरण कराने आए बुजुर्गों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। तीसरे मंजिल पर अव्यवस्था थी और लोग परेशान हो रहे थे। बुधवार को सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी और एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बेस अस्पताल में टीकाकरण स्थल का निरीक्षण किया। उनके निरीक्षण के बाद व्यवस्था में सुधार हुआ। टीकाकरण स्थल पर दो-दो करके लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा था।
टीकाकरण की रफ्तार के लिए समय और केंद्र बढ़ाए
हल्द्वानी। कोविड का टीका लगवाने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण का समय और केंद्र दोनों बढ़ा दिए हैं। तीन निजी अस्पतालों को भी इसमें जोड़ दिया गया है। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग 27 केंद्रों पर टीकाकरण कराएगा। इन केंद्रों में सुबह 10 बजे की बजाए सुबह नौ बजे से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर, 60 से अधिक उम्र के लोग और बीमार लोगों को टीका लगाया जाएगा।
निजी अस्पताल में टीका लगवाने पर 250 रुपये देने पड़ रहे हैं। 250 रुपये में 150 रुपये निजी अस्पताल सरकारी खजाने में जमा करेंगे और सौ रुपये उनके हिस्से में आएंगे। सरकारी केंद्रों एवं अस्पतालों में यह सुविधा निशुल्क मिलेगी।
आज यहां लगेगा टीका
बेस अस्पताल, बेतालघाट, भवाली, महिला अस्पताल, काठगोदाम, बैलपड़ाव, भीमताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज, कालाढूंगी, कनिया, ज्योलीकोट, कोटाबाग, मोटाहल्दू, बीडी पांडे महिला अस्पताल, ओखलकांडा, पदमपुरी, पांडे नवाड़, पीरूमदारा, रामगढ़, कंबाइंड हास्पिटल रामनगर, सुयालबाड़ी, लालकुआं, बांबे हॉस्पिटल, वेदांता नेत्रालय, सिटी हास्पिटल, नीलकंठ हास्पिटल, सुबह अस्पताल।
दो केस आए, पांच मरीज भर्ती
हल्द्वानी। बुधवार को जिले में दो कोविड पॉजिटिव केस आए। 1245 की रिपोर्ट का इंतजार है। सुशीला तिवारी अस्पताल में पांच कोविड पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं जबकि पांच को आइसोलेशन में रखा गया है।