हल्द्वानी। शनिवार को 422 कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया। शुक्रवार को विधानसभा वार पोस्टल बैलेट डालने के लिए काउंटर बनाए गए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज गर्ब्याल ने बताया कि रविवार को भी दो हजार से अधिक वोट पोस्टल बैलेट से डाले जाएंगे।
प्रचार थमा, आज होगा डोर टू डोर कैंपेन
हल्द्वानी। उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा का चुनाव प्रचार शनिवार शाम छह बजे थम गया है। अब सोमवार 14 फरवरी को मतदान होगा। आठ जनवरी को चुनाव आयोग ने उत्तराखंड सहित पांच राज्यों में चुनाव कार्यक्रम घोषित किया था। राज्य में सोमवार 14 फरवरी को मतदान होना है। आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान समाप्त होने से 48 घंटे पूर्व चुनाव प्रचार समाप्त हो जाता है। उत्तराखंड में सोमवार को शाम छह बजे तक मतदान होगा, इस कारण यहां चुनाव प्रचार शनिवार शाम छह बजे समाप्त हो गया है। अब कोई दल या प्रत्याशी रैली, जनसभा या अन्य माध्यम से प्रचार नहीं कर पाएगा। अब मतदाताओं से डोर टू डोर संपर्क किया जा सकता है।
पोलिंग पार्टियों को एडवांस दिया गया खर्चा
हल्द्वानी। पोलिंग पार्टियों में लगे कर्मचारियों को रवानगी से पहले जिला निर्वाचन विभाग की ओर से नाश्ते और डीए, टीए का 70 प्रतिशत एडवांस में दिया जाता है। शनिवार को 27 पोलिंग पार्टियों में लगे कर्मचारियों को 450 रुपये नाश्ते के दिए गए। साथ ही पीठासीन अधिकारी को 1500 रुपये, पोलिंग अधिकारी को 1000 रुपये टीए-डीए के एडवांस दिए गए।