फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड के भाग्य को बदलने के लिए वोट दें : शाह

Wed, 08 Feb 2017 01:22 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो रामनगर
विज्ञापन
अमित शाह - फोटो : AmarUjala
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जनता से अपील की कि उत्तराखंड के भाग्य को बदलने के लिए वोट दें। ऐसी सरकार बनाएं जो पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी को पहाड़ के ही काम में ला सके।
विज्ञापन


शाह ने कहा कि पहाड़ से युवाओं का पलायन रुके इसके लिए धरती, आकाश से लेकर पाताल तक भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस सरकार को उत्तराखंड से उखाड़ फेंकना होगा। शाह मंगलवार को यहां एमपी इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में रामनगर से प्रत्याशी दीवान सिंह बिष्ट के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

देवभूमि को सौंदर्य से परिपूर्ण बताते हुए शाह ने प्रदेश के विकास की योजना का खाका पेश किया। कहा कि यदि प्रदेश में भाजपा सरकार आई तो बेहतरीन पर्यटन नीति और आईटी कॉलेजों का निर्माण कर राज्य से युवाओं का पलायन रोका जाएगा।
विज्ञापन


सैनिकों की वर्षों पुरानी वन रैंक वन पेंशन योजना को उन्होंने मोदी सरकार का बेहतरीन काम बताता। शाह ने कहा कि इस निर्णय के बाद उत्तराखंड जहां के हर घर का एक बेटा फौज में देश की सेवा कर रहा है, खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

छह हजार करोड़ रुपए से ज्यादा सेना के जवानों के बैंक एकाउंट में भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को केंद्र की सौगात के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार्मिक स्थलों की सुगम यात्रा के लिए 12 सौ करोड़ की लागत से सड़कों का जाल बिछाने की योजना बनाई है।

भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे, उत्तराखंड राज्य उनकी लाश पर बनेगा, आज वही लोग उत्तराखंड बनने के बाद राज्य को दोनों हाथों से लूट रहे हैं। इन लोगों के मन में राज्य की दुर्दशा को लेकर भी कोई दुख नहीं है।

उन्होंने कहा कि 10 साल के कांग्रेस शासन में कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ के घोटाले कर डाले। फिर चाहे वह 2जी घोटाला हो, हेलीकॉप्टर खरीद घोटाला हो, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला हो, पनडुब्बी या फिर कोयला खदान घोटाला हो।

वहीं, हरीश रावत सरकार को भ्रष्टाचार में डूबी सरकार बताते हुए शाह ने कहा कि जिस प्रदेश का मुखिया खुद विधायकों की खरीद-फरोख्त में लगा हो, उस सरकार से जनता क्या अपेक्षा कर सकती है।

सभा को राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश उपाध्यक्ष केदार जोशी, पूर्व जिलाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह, अमिता लोहनी, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, डॉ. देवीदत्त दानी आदि ने संबोधित किया। इस दौरान कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की।
इनसेट
राहुल और मनमोहन पर तंज
अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल बाबा कहते हैं कि भाजपा ने ढाई साल के कार्यकाल में क्या काम किया? और हम कहते हैं कि सबसे बड़ा काम तो यह हुआ कि ढाई साल में देश को ऐसा बोलने वाला प्रधानमंत्री मिला, जिसने देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारत का डंका बजवाया है। शाह ने मनमोहन सिंह का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा कि कांग्रेस के पीएम की आवाज सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा किसी ने नहीं सुनी।
इनसेट
कौन होगा सीएम
सीएम के सवाल के बारे में अमित शाह ने कहा कि यदि प्रदेश में भाजपा सरकार आती है तो कोई विधायक, सांसद या फिर कोई कार्यकर्ता भी सीएम बन सकता है। पार्टी में सीएम के चेहरे की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर चुटकी ली कि भाजपा में तो कार्यकर्ता भी हरीश रावत से बेहतर सीएम साबित होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें