वीरभट्टी में शुक्रवार दोपहर ओवरटेक करते समय अल्टो कार खाई में जाकर पलट गई। दुर्घटना में चालक सहित कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्रीय लोगों ने घायलों को निकालकर एंबुलेंस 108 से बेस अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को डाक्टरों ने सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया।
हल्द्वानी से चार युवक अल्टो कार (यूके04टीए-4035) से नैनीताल की तरफ जा रहे थे। ज्योलीकोट में वीरभट्टी के पास ओवरटेक करते समय आगे जा रहे डीसीएम ट्रक के साइड नहीं देने पर कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिर पड़ी। दुर्घटना में कार सवार नईबस्ती इंदिरा नगर निवासी अल्टो चालक पंकज (25), नईबस्ती गोपाल मंदिर निवासी मोहम्मद जुनैद, लाइन नंबर 7 इंदिरानगर निवासी समीर (24) और लाइन नंबर का निवासी नसरू (32) घायल हो गए। सभी को बेस अस्पताल में भर्ती किया गया। हालत बिगड़ने पर समीर और पंकज को सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।
घायल बेटों को देख माताएं हुईं बेहोश
बेस अस्पताल में बेटे पंकज के सिर से खून बहता हुआ देखकर उसकी मां दीपा सक्सेना बेहोश हो गई। अस्पताल में मौजूद अन्य महिलाएं चेहरे पर पानी का छींटा मारकर उसे होश में लाई। इसी प्रकार जुनैद की मां अफसा की भी बेटे को देखकर हालत खराब हो गई थी। परिवार के लोगों ने उसे दिलासा दी।