रामनगर। भाजपा की विजय संकल्प यात्रा रामनगर के पीरूमदारा में पहुंच रही है। विजय संकल्प यात्रा में मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं। भाजपा नगर अध्यक्ष भावना भट्ट ने बताया कि शनिवार को रामनगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विजय संकल्प यात्रा के दौरान रोड और जनसभा करेंगे।
उन्होंने बताया कि रोड शो दाबका पुल से शुरू होकर रामनगर के रानीखेत रोड, बाजार, भवानीगंज होता हुआ पीरूमदारा के किसान इंटर कॉलेज पहुंचेगा। पीरूमदारा में जनसभा को मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। बताया कि केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। दूसरी ओर एसडीएम गौरव चटवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री का अधिकारिक कार्यक्रम अभी नहीं मिला है।
पर्यटन कारोबारी कर सकते है विरोध
कॉर्बेट पार्क में रोटेशन प्रणाली को वापस लेने की मांग को लेकर पर्यटन कारोबारियों ने मंगलवार को कॉर्बेट निदेशक को ज्ञापन दिया था। ज्ञापन में रोटेशन प्रणाली को वापस नहीं लेने पर पांच जनवरी से चरणबद्ध आंदोलन करने की बात कही गई थी।
सूत्रों की मानें तो पर्यटन कारोबारी जिप्सी रोटेशन प्रणाली को वापस लेने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे। हालांकि इस संबंध में जिप्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश धस्माना से संपर्क साधा गया तो उनका फोन बंद मिला।