विकास खंड के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची दर्जनों महिलाओं ने रविवार को खैरना क्षेत्र में शराबबंदी की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया। गुस्साई महिलाओं ने खैरना में स्थित शराब की दुकान के सामने जोरदार प्रदर्शन कर जबरन दुकान को बंद करा दिया। उन्होंने कहा कि जब तक शराबबंदी लागू नहीं होती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
खैरना, गरमपानी, मझेड़ा, डोबा और सूरीफार्म से पहुंची दर्जनों महिलाओं ने रविवार को यहां शराबबंदी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शराब के बढ़ते प्रचलन के चलते अधिकांश पुरूष और युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में फंस रहा है। इससे घरों का माहौल खराब हो रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाएं खैरना में शराब की दुकान के आगे बैठ गई। उन्होंने शराब की दुकान बंद कराने की मांग की और बाद में दुकान को जबरन बंद करा दिया। तय किया गया कि शराब की दुकान को हमेशा के लिए बंद कराने की मांग को लेकर वह सोमवार को एसडीएम से मिलेंगी। प्रदर्शनकारी महिलाओं में मुन्नी त्रिपाठी, भगवती देवी, भगा त्रिपाठी, बीना देवी, प्रभा बिष्ट, जमुना गोस्वामी, शोभा देवी, प्रेमा देवी रावत आदि थीं।