नैनीताल। होली के दिन मल्लीताल में एक कांस्टेबल का कार में बैठकर शराब पीने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर सीओ भवाली को मामले की जांच सौंप दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में होली के दिन एक कांस्टेबल मल्लीताल घोड़ा स्टैंड तिराहे पर ड्यूटी के दौरान एक यूपी नंबर की कार के चालक से शराब के दाम पर चर्चा कर रहा है। कार चालक के कहने पर वह कार में बैठकर गिलास पकड़ता नजर आ रहा है। लोगों ने कांस्टेबल पर ड्यूटी के दौरान शराब पीने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। एसपी अपराध व यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले में मल्लीताल कोतवाली में तैनात पुलिस कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही मामले की जांच सीओ भवाली को सौंप दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।