नैनीताल/भीमताल। नगर में पर्यटकों के उमड़ने से यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। वाहनों का दबाव बढ़ने से तल्लीताल, मॉल रोड, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड व अन्य सड़कों पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। ऐसे में यातायात सुचारु करने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पिछले कुछ दिनों से छुट्टियों के चलते नैनीताल में सैलानियों की आमद बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को सैलानियों के उमड़ने से पर्यटक स्थल गुलजार रहे। दोपहर के बाद करीब 80 फीसदी पार्किंग पैक हो गई। ऐसे में कई पर्यटक शटल सेवा के माध्यम से भी नगर में पहुंचे। अधिकतर होटल, होम स्टे, गेस्ट हाउसों में कमरे पैक रहे। कारोबार चलने से टैक्सी चालक, नाव चालकों, घोड़ा चालकों के अलावा होटल संचालकों के चेहरे खिल गए। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि अगले तीन दिन पर्यटकों की आमद में और इजाफा होने की उम्मीद है। सैलानियों की आमद बढ़ने से कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।
वहीं, दीपावली पर्व के वीकेंड पर सैलानी भीमताल, सातताल और नौकुचियाताल घूमने पहुंचे। सैलानियों ने पैराग्लाइडिंग, नौकायन, कायकिंग और जीप लाइन का लुत्फ उठाया। सैलानियों ने कैंची धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पर्यटन कारोबारियों को रविवार तक काम अच्छा रहने की उम्मीद है। सैलानी मुक्तेश्वर, रामगढ़ और घोड़ाखाल चाय बागान भी घूमने के लिए पहुंचे।