हल्द्वानी। शुक्रवार को बाजार खुलने का अंतिम दिन होने के कारण लोगों की भीड़ उमड़ गई। बाजार में दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहन लेकर लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। इससे नैनीताल रोड, रामपुर रोड में वाहन रेंगते नजर आए। लोगों को मंगलपड़ाव से लेकर डिग्री कॉलेज जाने में ही 35 मिनट लग गए। पुलिस चौराहों में ही नजर आई। वहीं ओके होटल के पास शाम करीब सात बजे जाम लगने से एक एंबुलेंस भी फंस गई।
सुबह 10 बजे से चार बजे तक नैनीताल, कालाढूंगी और रामपुर रोड में वाहनों की भीड़ बढ़ गई। इससे दो पहिया वाहन स्वामियों से लेकर चार पहिया वाहन चालकों को दिक्कत झेलनी पड़ी। इसके साथ ही राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ी। जाम मंगलपड़ाव से लेकर डिग्री कॉलेज तक, सुशीला तिवारी से लेकर सिंधी चौराहे और मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे तक सबसे अधिक था।