हल्द्वानी। पर्यटन सीजन में रोडवेज बसों के साथ-साथ शहर की सड़कों पर भी जमकर भीड़भाड़ दिखाई दे रही है। इसकी वजह से शहर की सड़कों पर जाम के चलते निकलना भी दूभर हो गया है खासकर नैनीताल मार्ग पर तो दिक्कतें बढ़ती ही जा रही हैं।
पर्यटन सीजन और जाम न लगे हो ही नहीं सकता। एक जून के बाद से नैनीताल मार्ग पर जाम की समस्या के चलते केवल रेंगते वाहन ही दिखाई दे रहे हैं। पिछले छह दिनों से हर रोज बढ़ती जाम की परेशानी को अब नियंत्रण में लाना भी मुश्किल सा लग रहा है। जून के दूसरे सप्ताह के पहले ही दिन तिकोनिया से ऊपर बढ़ते ही नैनीताल रोड पर राहगीरों के वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।
हालांकि पुलिस और ट्राफिक विभाग कर्मियों की तैनाती होने के बावजूद भी जाम की परेशानी से राहत नहीं मिल रही है और लोगों को भीषण गर्मी में जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं काठगोदाम से लेकर रानीबाग तक रेंगते वाहन देखकर नैनीताल में पहुंचने वाली बेतहाशा भीड़ का अंदाजा साफ लगया जा सकता है।