हल्द्वानी। शनिवार से 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को कोविड का टीका नहीं लग पाएगा। साथ ही निजी अस्पतालों में भी शनिवार को टीकाकरण नहीं होगा। निजी अस्पतालों को टीकाकरण अभियान चलाने के लिए टीका खुद खरीदना होगा।
एक मई से 18 से 44 वर्ष तक के लोगों को टीका लगाया जाना था। टीका उपलब्ध न होने के कारण उक्त आर्य वर्ग के लोगों को अभी टीका नहीं लग सकेगा। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि टीकाकरण के लिए अभी सिर्फ पंजीकरण हो रहा है। टीका उपलब्ध होने के बाद उक्त आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण कराने वाले 18 से 44 वर्ष के लोगों की संख्या अधिक होगी इसलिए डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज, खेल के बड़े मैदान आदि जगहों पर टीकाकरण अभियान शुरू होगा। दूसरी ओर सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 34 सरकारी केंद्रों पर शनिवार को टीकाकरण होगा। स्वास्थ्य विभाग के पास 4950 डोज टीके की बची हैं। शनिवार को अगर टीका की डोज नहीं आईं तो रविवार को टीकाकरण प्रभावित हो सकता है।