हल्द्वानी। 30वीं सीनियर महिला राष्ट्रीय फुटबाल चैंपियनशिप में मेजबान उत्तराखंड को हरियाणा के हाथों 4-0 से हार का सामना करना पड़ा। लगातार दूसरी हार के साथ उत्तराखंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई जबकि हरियाणा ने राजमाता जीजाबाई ट्रॉफी के फाइनल राउंड में जगह पक्की कर ली।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर गौलापार में हुए मुकाबले में हरियाणा की ओर से रेनू ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने मैच को बराबरी पर लाने के लिए काफी संघर्ष किया लेकिन असफल रहे। हरियाणा की विपंची के दूसरे गोल के साथ ही उत्तराखंड की जीतने की राह कठिन हो गई। इसके बाद रेनू के मैच में अपना दूसरा गोल दागा तो हरियाणा की बढ़त 3-0 की हो गई। आखिरी समय में हरियाणा की नेहा ने गोल दागकर उत्तराखंड को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
-
बड़ी जीत की थी उम्मीद
रविवार को दिल्ली पर 3-1 से जीत दर्ज करने के बाद हरियाणा को अगले दौर में पहुंचने के लिए केवल एक अंक की दरकार थी जबकि दिल्ली से 8-0 से हारने के बाद स्पर्धा में बने रहने को उत्तराखंड की टीम का बड़े अंतर से यह मुकाबला जीतना जरूरी था।