ऑल इंडिया फुटबॉल मैच के फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का शुभारंभ पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। इससे पूर्व राष्ट्रगान की धुन भी बजाई गई।
एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान में शुक्रवार को हुए मैच में उत्तराखंड पुलिस ने शुरू से ही मैच पर कब्जा जमाते हुए लखनपुर स्पोर्ट्स क्लब की गोल दागने की कोशिशों पर पानी फेर दिया।
उत्तराखंड पुलिस की ओर से शैलेंद्र नेगी ने छठे मिनट में ही गोल दागकर मैच को अपने पक्ष में कर लिया। लखनपुर स्पोर्ट्स क्लब की टीम भरसक कोशिशों के बाद भी कोई गोल नहीं कर सकी।
दोनों टीमों ने एक दूसरे पर आक्रामण कर और शानदार तरीके से गोल बचा दर्शकों की खूब वहावाही लूूटी। उत्तराखंड पुलिस ने 1-0 से मैच अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को 51 हजार व उपविजेता टीम को 31 हजार रुपए की नकद राशि के साथ ही दोनों टीमों को ट्राफी प्रदान की गई।
क्लब के संस्थापक कृष्णा नंद पपनै ने ट्राफी और नकद धनराशि भेंट की। इसके साथ ही मंडी समिति अध्यक्ष कृष्णा लटवाल, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. निशांत पपनै और नवीन भट्ट ने भी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
मैच के मुख्य निर्णायक संजय वर्मा, सह निर्णायक हीरा सिंह और वीरेंद्र सिंह रहे। ललित चौधरी मैच कमिश्नर रहे। वहां क्लब के अध्यक्ष डीसी हर्बोला, अरविंद चौधरी, जितेंद्र बिष्ट, मो. अजीज, विनय पडलिया, बाला दत्त मठपाल, जगदीश तिवारी, दीप जोशी, करनैल सिंह, गिरीश तिवारी आदि थे।