नैनीताल नगर में दीपावली पर्व को लेकर कारोबारी तैयारियों में जुट गए हैं। बाजार सजावटी सामानों और आकर्षक मोमबत्ती से सजने लगे हैं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक सामानों और बर्तनों की दुकानें भी सज गई हैं। कारोबारियों को इस दीपावली अच्छे कारोबार की उम्मीद है।दुकानदारों का कहना है ग्राहक बाजारों में आने लगे हैं, एक-दो दिन में बाजार में अच्छी रौनक देखने को मिलेगी।
इलेक्ट्रानिक सामग्री के विक्रेता दिलशाद हुसैन ने बताया कि दुकान में नया सामान मंगवा लिया गया है। स्मार्ट टीवी, फ्रिज, ब्लोअर और वॉशिंग मशीन की मांग ज्यादा है। उचित दामों पर ग्राहकों के लिए बहुत सारी सीरीज मंगवाई है। वहीं दुकानदार मोहित साह का कहना है कि इस बार बीते वर्षों की अपेक्षा भीड़ कम है। गिनेचुने ग्राहक बाजार में पूछताछ के लिए आ रहे हैं। उम्मीद है कि एक-दो दिन में कारोबार रफ्तार पकड़ेगा।
इधर, दुकानदार संजय मेहरा का कहना है कि उन्होंने नई-नई तरह की बिजली की मालाओं की रेंज मंगवाई हैं। इसके अलावा सजावटी सामान भी रखा है। लोग खरीददारी कर रहे हैं। मोमबत्ती विक्रेता सुभांगनी मल्होत्रा ने बताया कि दीपावली के लिए तरह-तरह की ऐपण, हस्तनिर्मित मोमबत्तियों, अरोमा मोमबत्तियां व मिठाई मोमबत्ती दुकान में रखी गई हैं। लोग व पर्यटक सजावट व दीपावली के लिए मोमबत्ती खरीदने पहुंच रहे हैं।